नकुड़ (सहारनपुर)। तहसील प्रशासन ने अपनी लंबित विभिन्न मांगों को लेकर करीब एक सप्ताह से पूर्ण कार्य बहिष्कार कर धरना प्रदर्शन कर रहे लेखपालों के विरुद्ध कड़ा रूख अख्तियार करते हुए 11 लेखपालों के विरुद्ध एस्मा के तहत कार्रवाई की संस्तुति कर डीएम को भेजी है।
बता दें कि उत्तर प्रदेश लेखपाल संघ के आह्वान पर अपनी विभिन्न मांगों को लेकर पूर्व घोषित कार्यक्रम के तहत तहसील क्षेत्र के समस्त लेखपाल पूर्ण कार्य बहिष्कार कर करीब एक सप्ताह से हड़ताल पर हैं। लेखपालों के हड़ताल पर चले जाने के कारण किसानों व आम जनता को हो रही परेशानियों देखते हुए तहसील प्रशासन ने मंगलवार को उच्चाधिकारियों के निर्देशानुसार 26 लेखपालों को नोटिस जारी कर तत्काल हड़ताल खत्म कर काम पर न लौटने पर एस्मा के तहत विधिक कार्रवाई की चेतावनी दी गई थी। तहसीलदार परमानंद झा ने बताया कि नोटिस मिलने के बाद चार लेखपाल हड़ताल से वापस काम पर लौट आये हैं। जबकि नोटिस प्राप्त करने के बावजूद पांच नये तथा छह पुराने लेखपालों के काम पर न लौटने पर उनके विरुद्ध शासनादेशानुसार दंडात्मक कार्रवाई की संस्तुति कर उच्चाधिकारियों को भेज दी गई है।