तीसरे दिन भी जारी रही बाबा मंगल गिरि की भूख हड़ताल
बड़गांव (सहारनपुर)। हिंडन नदी को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग को लेकर तीसरे दिन बृहस्पतिवार को भी बाबा मंगलगिरी की भूख हड़ताल जारी रही। किसी भी प्रशासनिक अधिकारी ने बाबा की सुध लेना गवारा नहीं समझा जिसके चलते क्षेत्रवासियों में रोष बना है।
बता दें कि मंगलवार से बाबा मंगलगिरी गांव महेशपुर के शिव मंदिर में नदी बचाओ अभियान के तहत हिंडन नदी को प्रदूषण मुक्त कराने की मांग को लेकर भूख हड़ताल पर बैठे हैं। तीन दिन बीत जाने के बाद भी किसी प्रशासनिक अधिकारी ने बाबा की सुध लेना गवारा नहीं समझा। प्रशासन के रवैये के प्रति ग्रामीणों में रोष है। बाबा ने बुधवार को तहसीलदार के माध्यम से मुख्यमंत्री के नाम एक ज्ञापन देकर हिंडन नदी को प्रदूषण मुक्त कराने के लिए कोई ठोस कार्य नहीं होने पर आमरण अनशन की चेतावनी दी थी। हिंडन नदी के प्रदूषण से पीड़ित नदी किनारे बसे ग्रामीणों ने महेशपुर के शिव मंदिर पहुंच कर बाबा के इस आंदोलन को समर्थन देने की घोषणा की।