सहारनपुर। अंतरराष्ट्रीय योग दिवस के उपलक्ष्य में पद्मश्री भारत भूषण ने जिला कारागार में महायोग की शुरुआत बंदियों को योग कराकर की। इसमें लगभग एक हजार बंदियों ने योग शिक्षा प्राप्त की। उन्होंने बंदियों को अपराध से दूर होकर सामाजिक जीवन व्यतीत करने का संकल्प दिलाया।
बृहस्पतिवार को जिला कारागार में योग शिविर का आयोजन किया गया। योगाचार्य पद्मश्री भारत भूषण ने बंदियों को योग कराया और उन्हें योग से जीवन को निरोग रखे जाने के बारे में बताया। उन्होंने कहा कि जेल में बंदियों को अपराध का जीवन छोड़कर समाज का जीवन जीना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोग योग सीखकर इसे निरंतर अभ्यास में लाते रहे। वह लगातार बंदियों को योग के माध्यम से निरोग बनाने और संस्कारित करने के लिए अपने प्रयास जारी रखेंगे। इस मौके पर लगभग 450 बंदियों ने अपराध का जीवन छोड़कर सामान्य जीवन जीने का संकल्प भी लिया। वरिष्ठ जेल अधीक्षक डॉक्टर वीरेश राज शर्मा ने कहा कि वह जेल को संस्कार शाला में बदलने को तैयार हैं और उसी के लिए कोशिश जारी है। उन्होंने कहा कि उनके प्रयास से एक कैदी में भी बदलाव आ गया तो उनका प्रयास सार्थक होगा। इस अवसर पर नवागंतुक जेलर राजेश कुमार पांडे, डिप्टी जेलर केके दीक्षित एवं हिमांशु रौतेला सहित कई बंदी रक्षकों ने भी योग में हिस्सा लिया।