बिहारीगढ़ (सहारनपुर)। पिछले चार दिनों से ग्राम जानीपुर में रावण की रिहाई के लिए भूख हड़ताल पर बैठे भीम आर्मी कार्यकर्ताओं के दो सदस्यों की हालत बिगड़ने की सूचना के बावजूद भी प्रशासन ने अनशनकारियों की कोई सुध नहीं ली। बुधवार को चौथे दिन भीम आर्मी के भूख हड़ताल कार्यक्रम में दलित समाज की महिलाओं ने बढ़ चढ़ कर भागेदारी का एलान किया है।
जानीपुर गांव स्थित रविदास मंदिर में पिछले चार दिनों से भीम आर्मी समर्थक दलित समाज के लोगों ने अनिश्चितकालीन भूख हड़ताल कर रखी है। भीम आर्मी के दो सदस्य पंकज कुमार उर्फ रिंकू और अंकित कुमार की मंगलवार से तबीयत बिगड़ने लगी थी इसकी सूचना प्रशासन को मिल गई थी, लेकिन थाना पुलिस एवं एलआईयू के अलावा कोई भी सरकारी चिकित्सक अथवा अधिकारी मौके पर नहीं पहुंचा। भीम आर्मी के मुजफ्फराबाद ब्लॉक अध्यक्ष प्रदीप खोदनाल, मिन्टू गौतम, संगीता देवी, ममता, पूजा, आरती और लाखन आदि ने जिला प्रशासन पर दलितों की अनदेखी करने का आरोप लगाते हुए कहा कि जब तक चंद्रशेखर उर्फ रावण की रिहाई का आश्वासन नहीं मिल जाता तब तक जानीपुर में शुरू किया गया यह अनशन इसी तरह जारी रहेगा।