सहारनपुर। जिले के यात्रियों को गर्मियों में रेलवे दो ट्रेनों की सौगात देने जा रहा है। अप्रैल से सहारनपुर से होकर समर स्पेशल दो ट्रेनें हावड़ा से जम्मूतवी के बीच दौड़ेंगी। दोनों ट्रेनों के चलने के दिन अलग-अलग रहेंगे। जबकि समय एक ही रहेगा।
रेलवे द्वारा सुविधा समर स्पेशल के नाम से इन ट्रेनों का संचालन अप्रैल में शुरू किया जा रहा है। अधिकारियों के अनुसार गाड़ी संख्या 03051 हावड़ा-जम्मूतवी 5 अप्रैल, 12 अप्रैल, 19 अप्रैल, 26 अप्रैल और 3 मई को चलेगी। जबकि 03052 जम्मूतवी से डाउन में यह ट्रेन 7 अप्रैल, 14 अप्रैल, 21 अप्रैल, 28 अप्रैल और 5 मई को चलेगी। अप में यह ट्रेन हावड़ा से 11 बजकर 55 मिनट पर रवाना होगी। सहारनपुर में यह ट्रेन 7 अप्रैल की रात 2 बजकर 35 मिनट पर पहुंचेगी। सहारनपुर में यह ट्रेन 10 मिनट रुकेगी। इसके बाद यहां से जम्मूतवी के लिए रवाना हो जाएगी। जम्मूतवी से यह ट्रेन रात को 8 बजकर 10 मिनट पर चलेगी, जो सहारनपुर में सुबह 3 बजकर 55 मिनट पर पहुंचेगी। 10 मिनट रुकने के बाद हावड़ा के लिए रवाना हो जाएगी। इसके अलावा रेलवे ने गाड़ी संख्या 82303 एवं 82304 सुविधा समर स्पेशल शुरू की जा रही है। यह ट्रेन भी हावड़ा-जम्मूतवी के बीच चलेगी। हावड़ा से 10 मई, 17 मई, 24 मई, 31 मई, 6 जून एवं 14 जून को चलेगी। जम्मूतवी से यह ट्रेन 12 मई, 19 मई, 26 मई, 2 जून, 9 जून और 16 जून को चलेगी। इस ट्रेन का समय भी समान रहेगा। स्टेशन अधीक्षक एसपी सिंह ने बताया कि अप्रैल से दोनों समर स्पेशल ट्रेनें शुरू हो जाएंगी। इनसे यात्रियों को काफी सुविधा होगी।