देवबंद। तलहेड़ी बुजुर्ग गांव में बाइक सवार चार लोगों ने हिंदू युवा वाहिनी के जिला महामंत्री को मारपीट कर घायल कर दिया। जिसे उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया।
तलहेड़ी गांव निवासी टिंकू गुर्जर ने कोतवाली में दी तहरीर में बताया कि वह तलहेड़ी बस स्टैंड के समीप मकान बनवा रहा है। रविवार की रात्रि वह घर के बाहर खड़े होकर निर्माण कार्य देख रहा था। आरोप है कि इसी दौरान बाइकों पर वहां पहुंचे चार युवक उसके साथ अकारण ही गाली गलौज करने लगे। जब उसने इसका विरोध किया तो उक्त लोगों ने उसके साथ मारपीट शुरू कर दी। जिसमें वह घायल हो गया। शोर मचाने पर आसपास मौजूद लोगों को मौके पर आता देख उक्त लोग जान से मारने की धमकी देकर फरार हो गए। घायल टिंकू गुर्जर का कहना है कि उसकी किसी से कोई रंजिश नहीं है। उसका आरोप है कि उस पर हमला करने वाले भीम आर्मी के कार्यकर्ता हो सकते हैं। उधर, पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है।