सहारनपुर। महिला आंगनबाड़ी कर्मचारी संघ के तत्वावधान में 48 वें दिन भी आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा। आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी मातृ शक्ति के सम्मान की बात कहते हैं। आज मातृ शक्ति सड़कों पर धक्के खा रही है। योगी जी झूठ बोलना छोड़ दीजिए।
हकीकतनगर स्थित रामलीला मैदान पर कार्यवाहक अध्यक्ष सुधा धीमान के नेतृत्व में आंगनबाड़ी कार्यकर्ताओं का धरना जारी रहा है। सुधा धीमान ने कहा कि मांगें पूरी होने तक ऐसे ही आंदोलन चलता रहेगा। सरकार हमें सड़कों पर उतरने को मजबूर न करे। महानगर अध्यक्ष नीलम शुक्ला ने कहा कि सरकार के इशारे पर जिन चार आंगनबाड़ियों को गिरफ्तार किया गया है, उन्हें छोड़ा जाए। अगर गिरफ्तार ही करना है तो चार लाख आंगनबाड़ियों को पकड़कर दिखाएं। जिला कोषाध्यक्ष सुनीता शर्मा ने कहा कि यदि सरकार से बाल विकास विभाग नहीं चलाया जा रहा तो उसे बंद कर दे। रीता चौधरी ने कहा कि मुख्यमंत्री योगी झूठ बोलते हैं। इस दौरान क्रमिक अनशन जारी रहा। शहनाज, आरती सैनी, शमा प्रवीन, फरीद, शाईन प्रवीन, अनीता गुप्ता, सुषमा, मुकेश गौतम, अनीता पुंडीर, मुकेश शर्मा, ओमवती, शहीदा, अलका वर्मा, अर्चना सैनी, ममतेश, बाला आदि मौजूद रहे।