डेयरी के दही, पनीर, दूध और पैक्ड घी के नमूने फेल
सहारनपुर। सदर कोतवाली के निकट स्थित गंगा डेयरी के दही, पनीर, दूध एवं पैक्ड घी नमूने जांच में फेल पाए गए हैं। डीएम के आदेश पर डेयरी संचालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया गया है।
डीएम के आदेश पर खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने 21 जुलाई को शहर के प्रमुख खाद्य पदार्थों की दुकानों एवं डेयरियों पर छापामार कार्रवाई की थी। इसमें सदर कोतवाली के पास स्थित प्रद्युम्न नगर निवासी अरविंद कुमार की गंगा डेरी से खाद्य सुरक्षा अधिकारी संजीत कुमार, राहुल शुक्ला, वरुण कुमार एवं सुधीर कुमार ने दूध, दही, पनीर और गंगा डेयरी द्वारा पैक कर बेचे जा रहे देशी घी के चार नमूने लिए थे।
डीएम पीके पांडेय ने बताया कि गंगा डेयरी एवं अन्य दुकानों से एकत्रित किए गए खाद्य पदार्थों के नमूने को जांच के लिए लखनऊ प्रयोगशाला को भेजा गया था। प्रयोगशाला से मिली जांच रिपोर्ट में चारों नमूने अधोमानक स्तर के मिले हैं। इन चारों प्रकरणों में डेयरी संचालक अरविंद कुुमार के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम-2006 की धाराओं में वाद दर्ज किए गए।