400 रुपये प्रति कुंतल से कम भाव पर नहीं देंगे गन्ना
नकुड़ (सहारनपुर)। भाकियू की मासिक बैठक में किसानों ने चीनी मिलों को आगामी पेराई सत्र में 400 रुपये प्रति कुंतल की दर से कम रेट पर गन्ना न देने चेतावनी दी है। बैठक के बाद किसानों ने क्षेत्र में बिक रही अवैध शराब पर रोक की मांग को लेकर प्रदर्शन करते हुए एसडीएम को संबोधित मांगपत्र तहसीलदार को सौंपा तथा शराब माफियाओं के विरुद्ध कार्रवाई न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी।
बृहस्पतिवार को ब्लाक सभागार में आयोजित भाकियू की मासिक बैठक में पूर्व मंडल उपाध्यक्ष चौ. विक्रमसिंह व चौ. देवीसिंह ने कहा कि किसानों की बदहाली पर केंद्र व प्रदेश सरकार कोई ध्यान नही दे रही है। कहा कि न तो किसानों को उनकी फसलों का वाजिब दाम मिल रहा है और ना ही चीनी मिलें किसानों को गन्ने का भुगतान समय पर करती है। किसानों ने कहा कि तहसील के विभिन्न कार्यालयों में अवैध वसूली की जा रही है। क्षेत्र में अवैध रेत खनन व अवैध शराब की बिक्री धड़ल्ले से हो रही है। आरोप लगाया कि शिकायतों के बाद भी पुलिस प्रशासन इस ओर कोई ध्यान नही दे रहा है। बैठक के बाद किसानों ने तहसील कार्यालय पहुुंचकर क्षेत्र में हो रही अवैध शराब की बिक्री पर अंकुश लगाने की मांग करते हुए एसडीएम को संबोधित चार सूत्रीय मांगपत्र तहसीलदार को सौंपकर समस्याओं का शीघ्र समाधान न होने पर आंदोलन की चेतावनी दी। हरबीर सिंह, राजसिंह, सुदेशपाल, सोमसिंह, सुशील खटाना, भोपाल, सुभाष, जगतसिंह, सुशील सिरसका, गजेसिंह, कंवरपाल, दीपक, बबलू आदि रहे।