सहारनपुर। मेला गुघाल के कार्यक्रमों में देवभूमि उत्तराखंड संस्कृति संध्या का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उत्तराखंड की लोक संस्कृति को देखकर लोग झूम उठे।
शनिवार की रात जनमंच सभागार में आयोजित कार्यक्रम का शुभारंभ सांसद राघव लखनपाल शर्मा, देवप्रयाग के विधायक विनोद कंडारी, देवबंद विधायक कुंवर बृजेश सिंह, पूर्व विधायक राजीव गुंबर, महानगर अध्यक्ष अमित गगनेजा, राहुल लखनपाल शर्मा, नगर निगम के कर अधीक्षक आरके खन्ना ने स्वतंत्रता सेनानी वीर चंद गढ़वाली व श्रीदेव सुमन के चित्र के सम्मुख दीप प्रज्ज्वलित कर किया। मुख्य अतिथि विधायक विनोद कंडारी ने कहा कि उत्तराखंड देवों की भूमि होने के साथ वीरों की भूमि भी है। हर क्षेत्र में उत्तराखंड के लोगों ने अपना विशेष स्थान बनाया है। नगर निगम ने उत्तराखंड की सांस्कृतिक संध्या का आयोजन करना सराहनीय कदम है। इसके माध्यम से उत्तराखंड की लोक संस्कृति से सहारनपुर के लोग रूबरू हुए। सांसद राघव लखनपाल शर्मा ने कहा कि उत्तराखंड का इतिहास अनेक धार्मिक व पौराणिक कथाओं तथा वीरों के बलिदान से भरा है। पौड़ी से आए कलाकारों ने कार्यक्रम में गीत-संगीत से समां बांध दिया। लोक गायिका पूनम सती व नीलम नेगी ने गीतों से युवाओं को झूमने पर मजबूर कर दिया। कार्यक्रम संयोजक भाजपा नेता संदीप रावत, नरेश रावत, कुलदीप बिष्ठ, विनोद रावत ने मुख्य अतिथियों को स्मृति चिह्न देकर सम्मानित किया।
इस दौरान तेज क्वात्रा, हरीश शंकर गौनियाल, कल्याण सिंह रावत, हेमंत अरोड़ा, संजीव वालिया, भगवती प्रसाद, पंडित योगेश गौनियाल, शिवराज राणा, सुरेंद्र सिंह राव, पुनीत त्यागी, गोविंद नारायण सहित भारी संख्या में लोग मौजूद रहे।