भाजपाई पंकज के सामने रखेंगे अनदेखी का मुददा
बेहट (सहारनपुर)। भाजपा के बेहट, साढ़ौली कदीम एवं बिहारीगढ़ मंडल के अध्यक्षों का एक प्रतिनिधिमंडल केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह के बेटे विधायक पंकज से मिलेगा। प्रतिनिधिमंडल सहारनपुर में हो रही कार्यकर्ताओं की अनदेखी के संबंध में बातचीत करेगा।
शनिवार को कस्बे में हुई बैठक में यह निर्णय लिया गया। साढ़ौली कदीम मंडल अध्यक्ष विजय सैनी ने कहा कि पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारियों की मानसिकता अभी भी भाजपा विरोधी दिखाई दे रही है। पार्टी कार्यकर्ताओं की हर स्तर पर अनदेखी की जा रही है। जबकि, गैर भाजपाई लोगों के काम भ्रष्टाचार के चलते बदस्तूर जारी है। कार्यकर्ताओं की कोई अधिकारी सुनने को ही तैयार नहीं है। बेहट मंडल अध्यक्ष मुकेश राणा ने कहा कि पार्टी कार्यकर्ताओं की अनदेखी के संबंध में विधायक पंकज सिंह के माध्यम से अवगत कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि बेहट क्षेत्र में पुन: बाढ़ का खतरा मंडरा रहा है, लेकिन प्रशासन की तरफ से बाढ़ चौकियां कागजों तक ही सीमित है। भाजपा व्यापार प्रकोष्ठ के जिला संयोजक राकेश गाबा ने भी सहमति जताई। बैठक में बिहारीगढ़ मंडल अध्यक्ष सोमप्रकाश धीमान, बेहट मंडल महामंत्री सुभाष सैनी, साढ़ौली कदीम मंडल महामंत्री नवनीत शर्मा आदि ने भी विचार रखे। नीरज चौहान, पंकज राणा, अनुज सैनी, अरुण शर्मा, बाबूराम धीमान आदि मौजूद रहे।