सहारनपुर। वाहन चेकिंग के दौरान भाजपा नेता की गाड़ी रोकने पर बखेड़ा खड़ा हो गया। भाजपा नेता ने रौब गालिब करते हुए सिपाही को धमकाया तो सिपाही ने नेताजी की धुनाई कर डाली। जिस पर नेताजी के समर्थकों ने हंगामा शुरू कर दिया। जिसे देख पुलिसकर्मी वहां से भाग गए।
सोमवार को नवाबगंज चौक पर पुलिसकर्मी वाहनों की चेकिंग कर रहे थ। इसी दौरान भाजपा के एक नेता चौराहे से गुजरे। पुलिस ने उनके वाहन को रुकवा लिया और चेकिंग के लिए कागज मांगे। इसी पर नेता भड़क उठे और पुलिसकर्मी को जमकर खरी खोटी सुना दी। आरोप है कि नेता ने सिपाही को धमकी दी तो सिपाही का पारा चढ़ गया और नेताजी के गाल पर उसने चांटे रसीद कर दिए। नेताजी की पिटाई की सूचना जैसे ही उनके समर्थकों को लगी। लोग नवाबगंज चौक पर एकत्रित हो गए। लोगों ने पुलिस कार्रवाई को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। मामला बढ़ते देख पुलिस कर्मी वहां से निकल गए। अधिकारियों ने मौके पर पहुंचकर किसी प्रकार लोगों को समझाबुझा कर और कार्रवाई का आश्वासन देकर मामला शांत कराया। एसपी सिटी प्रबल प्रताप सिंह ने बताया कि पिटाई का आरोप गलत है। सिर्फ चेकिंग के लिए पुलिस ने कागज मांगे थे। नेताजी कागज दिखा नहीं पाए, जिसके चलते उनकी गाड़ी सीज कर दी गई। नेताजी गाड़ी छोड़ने की जिद कर रहे थे।