मंत्री का इंतजार किए बिना ही निकल गए डीएम
सहारनपुर। पौधरोपण कार्यक्रम में जिलाधिकारी प्रोटोकाल भूल गए। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि आयुष मंत्री डा. धर्म सिंह सैनी का इंतजार किए बिना ही जिलाधिकारी पौधरोपण की औपचारिकता पूरी कर चले गए।
थोड़ी देर बाद जब आयुष मंत्री आए और उन्हें इस बात की जानकारी मिली तो वे असहज हो गए। राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. धर्म सिंह सैनी को रविवार को वन विभाग के पौधरोपण कार्यक्रम में बतौर मुख्य अतिथि आना था। हैरत की बात यह है कि डीएम ने उनसे पहले पहुंचकर न केवल पौधा लगाया, बल्कि मंत्री का इंतजार किए बिना वहां से निकल भी गए। वन विभाग एक से सात जुलाई तक पौधरोपण अभियान चला रहा है। इसी क्रम मेें रविवार को दिल्ली रोड स्थित पैरामाउंट में पौधारोपण होना था। प्रोटोकॉल तोड़ने की यह घटना दिनभर चर्चाओं का विषय बनी रही।
पिछली सरकार में जिलाधिकारी और राज्यमंत्री के बीच तल्खी के चलते प्रदेश स्तर पर सहारनपुर सुर्खियों में रहा था। प्रदेश में सपा की सरकार बनने के बाद यहां डीएम अजय कुमार सिंह की तैनाती हुई थी और देवबंद से विधायक राजेन्द्र राणा ग्रामीण अभियंत्रण के स्वतंत्र प्रभार मंत्री थे। उस समय मंत्री और डीएम के बीच जबरदस्त जुबानी जंग चली थी। मंत्री की लाख कोशिशों के बाद भी तत्कालीन डीएम कलक्ट्रेट की बजाय कैंप कार्यालय से ही काम करते रहे थे।