बेहट रोड पर हो रहा अवैध निर्माण सील
सहारनपुर। बेहट रोड पर बिना नक्शा पास कराए अवैध रूप से चल रहे निर्माण को नोटिस दिए जाने के बावजूद कोई जवाब नहीं देने पर सहारनपुर विकास प्राधिकरण ने सील करा दिया है।
बेहट रोड पर इंडियन मॉडल स्कूल के सामने गुड्डू द्वारा एक भवन का निर्माण कराया जा रहा था। सूचना मिलते ही सहारनपुर विकास प्राधिकरण की टीम मौके पर पहुंची। जहां पर आरसीसी के 14 कॉलम पर दीवार का निर्माण होता हुआ मिला। प्राधिकरण की टीम ने नक्शा मांगा, लेकिन निर्माण कर्ता नक्शा नहीं दिखा सका और न ही कोई अन्य अभिलेख। जिस पर प्राधिकरण के अधिकारियों ने निर्माण कार्य रुकवा दिया और दो बार नोटिस भेजकर जवाब मांगा। आरोप है कि निर्माण कर्ता ने न तो नोटिस का कोई जवाब दिया, न उपस्थित होकर कोई अभिलेख प्रस्तुत किया और न ही नक्शे के लिए आवेदन किया।
सहारनपुर विकास प्राधिकरण के सचिव सत्यप्रकाश शर्मा ने मंगलवार को भवन को सीज करने के आदेश जारी कर दिए। बुधवार को प्राधिकरण की टीम पुलिस के साथ मौके पर पहुंची और निर्माणाधीन भवन पर सील लगा दी।