सहारनपुर। विधानसभा चुनाव की मतगणना के बाद से जनपद की ग्राम पंचायतों में मनरेगा के साथ ही हुए अन्य विकास कार्यों का ऑडिट होगा। जनपद के प्रत्येक विकास खंड स्तर पर एक टीम गठित होगी। कुल 11 टीमें 884 ग्राम पंचायतों में ऑडिट करेंगी। इसके लिए टीमों को पहले प्रशिक्षण भी दिया जाएगा।
दरअसल छह माह पूर्व मनरेगा में 74 कार्यों को शामिल किया गया था। इनमें तालाबों का जीर्णोद्धार, नए तालाबों का निर्माण, नाला खोदाई, पौधरोपण के लिए गड्ढे खोदे गए, नर्सरी बनाने, भूमि का समतलीकरण, व्यायाम स्थल बनाने, चकमार्ग, खड़ंजा, सीसी रोड और जल संरक्षण सहित अनेक कार्य शामिल हैं। इन कार्यों को मार्च तक पूरा करने का लक्ष्य रखा गया था। अब वित्तीय वर्ष खत्म होने से पहले इन कार्यों का 31 मार्च तक ऑडिट होगा। इसको लेकर जिला विकास अधिकारी की अध्यक्षता में 11 टीमों का गठन किया जाएगा, जो जनपद के सभी 11 ब्लॉकों की 884 ग्राम पंचायतों का ऑडिट करेंगी।
पहले दिया जाएगा प्रशिक्षण
प्रत्येक टीम में 11 सदस्य शामिल होंगे। इस 15 मार्च के बाद इन टीमों को प्रशिक्षण दिया जाएगा। इसकी देखरेख जिला विकास अधिकारी करेंगे। मुख्य विकास अधिकारी विजय कुमार ने बताया कि सभी कार्यों का टीमें ऑडिट करेंगे। इसकी रूपरेखा लगभग तैयार कर ली गई है।
विकासखड़ ग्राम पंचायतों की संख्या
बलियाखेड़ी 75
पुवांरका 93
मुजफ्फराबाद 100
सढ़ौली कदीम 84
सरसावा 103
नकुड़ 85
गंगोह 98
नानौता 55
रामपुर मनिहारान 56
देवबंद 64
नागल 74