सहारनपुर के नागल में लाखनौर-नागल मार्ग पर बृहस्पतिवार की सुबह रोडवेज बस की टक्कर लगने से टैंपो पलट गया, जिससे टैंपो सवार एक महिला समेत पांच लोग घायल हो गए। इसमें दो की हालत गंभीर है, जिन्हें जिला अस्पताल भरती कराया गया है।
सुबह करीब नौ बजे गांव पहाड़पुर निवासी इकलाख अपने टैंपो में नागल से सवारी लेकर सहारनपुर के लिए चला था। जैसे ही वह भाटखेड़ी गांव के निकट पहुंचा तो सामने से आ रही मुजफ्फरनगर डिपो की रोडवेज बस ने उसे टक्कर मार दी।
इससे टैंपो सड़क किनारे गड्ढेे में जाकर पलटा। हादसे में चालक इकलाख (35 वर्ष) और यात्री गौरव (20) निवासी पहाड़पुर, राकेश (35), सोनू (30) निवासीगण बसेड़ा और कांति (60) निवासी सोना अर्जुनपुर घायल हो गए।
राहगीरों ने घायलों को अस्पताल भिजवाया। वहां कांति और राकेश की हालत गंभीर होने के कारण उन्हें जिला अस्पताल भेज दिया गया। हादसे के दौरान रोडवेज बस भी सड़क किनारे एक पेड़ से टकरा गई, लेकिन गनीमत रही कि बस में सवार किसी यात्री को चोट नहीं आई।
हादसे के बाद बस चालक मौके से फरार हो गया। जबकि, टैंपू को पुलिस ने कब्जे में ले लिया। एसओ ने बताया कि अभी किसी की तरफ से तहरीर नहीं आई है। तहरीर आने पर रिपोर्ट दर्ज की जाएगी।
देवबंद। गन्ने से भरी ट्रैक्टर ट्राली की भिड़ंत में पीएसी के जवानों की गाड़ी के परखच्चे उड़ गए। दुघर्टना में गाड़ी में सवार छह जवान घायल हो गए। जिन्हें उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया गया।
बुधवार को पीएसी की नौवीं बटालियन के जवान नगर के एमबीडी चौक से ड्यूटी खत्म कर देर रात करीब 1.30 बजे मानकी मंदिर लौट रहे थे। उनकी गाड़ी जब मंगलौर रोड पुलिस चौकी के निकट पहुंची तो सामने से आई ओवरलोड ट्रैक्टर ट्राली ने गाड़ी को टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि गाड़ी के पिछले हिस्से के परखच्चे उड़ गए जबकि उसमें सवार बटालियन के जवान विनित कुमार, सतीश कुमार, मुकर्रम अली, दीपक शर्मा, संदीप कुमार और चालक राशिद घायल हो गए।
दुघर्टना की सूचना मिलते ही मंगलौर रोड चौकी पुलिस घटनास्थल पर पहुंची और आनन फानन में घायल जवानों को उपचार के लिए सरकारी अस्पताल में भर्ती कराया। जिन्हें बृहस्पतिवार को छुट्टी दे दी गई।
पुलिस का कहना है कि दुघर्टना के बाद चालक ट्रैक्टर ट्राली को मौके पर छोड़कर फरार हो गया। जिसे पुलिस ने कब्जे में ले लिया है। ट्रैक्टर के बारे में जानकारी की जा रही है।