रामपुर मनिहारान (सहारनपुर)। साढ़ौली दुलीचंदपुर गांव के प्राथमिक विद्यालय में दीवार पर बनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर की पेंटिंग पर कालिख पोतकर गांव का माहौल खराब करने की कोशिश की गई। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने पेंटिंग पर कालिख देखकर पुलिस को सूचना की। भीम आर्मी के पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने थाने पर पहुंचकर घटना की तहरीर दी है और आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई किए जाने की मांग की।
रामपुर मनिहारान थाना क्षेत्र के गांव साढ़ौली दुलीचंदपुर के प्राथमिक विद्यालय में मंगलवार की रात शरारती तत्वों द्वारा दीवार पर बनाई गई डॉ. भीमराव आंबेडकर की पेंटिंग पर कालिख पोतकर गांव का माहौल खराब करने का प्रयास किया गया। बुधवार सुबह ग्रामीणों ने शरारती तत्वों की यह करतूत देखकर पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घटना की जांच पड़ताल की। उधर, भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल वालिया, विधानसभा क्षेत्र अध्यक्ष रोहित राज गौतम के नेतृत्व में कार्यकर्ताओं ने घटना कड़ा रोष जताया और थाने पर पहुंचकर तहरीर देकर पुलिस से आरोपियों का पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की। जिलाध्यक्ष कमल वालिया ने थाना प्रभारी बबलू सिंह वर्मा से कहा कि गांव का माहौल खराब करने वाले शरारती तत्वों का जल्द पता लगाकर उनके खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाए।
थाना प्रभारी ने आश्वासन दिया कि बाबा साहब के चित्र पर कालिख पोतने वाले बख्शे नहीं जाएंगे। उनका पता लगाकर कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बता दें कि 7 माह पूर्व इसी विद्यालय में बोर्ड पर बने प्रदेश के मुख्यमंत्री के चित्र पर पुताई कर भीम आर्मी लिख दिया गया था।