सहारनपुर। रेलवे कर्मचारी के बैंक खाते से एक व्यक्ति ने हजारों रुपये की ऑनलाइन खरीदारी कर ली। मोबाइल फोन पर मेसेज आने पर धोखाधड़ी का पता चला। सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई गई है।
मल्हीपुर रोड स्थित प्रदुमन नगर निवासी विद्यानंद का कहना कि उसका बैंक में सैलरी एकाउंट है। विद्यानंद का आरोप है कि जब वह एटीएम से पैसा निकालने गया तो खाते में रकम नहीं मिली, जबकि खाते से पैसे भी नहीं निकाले थे। जब बैंक शाखा में जानकारी की तो पता चला कि उनके खाते से निकाली गई रकम से ऑनलाइन कंपनी से शॉपिंग की गई है। ऑनलाइन कंपनी से आरोपी के बारे में जानकारी की तो पता चला कि सदर कोतवाली के ही एक मोहल्ले के व्यक्ति ने उनके खाते को हैक कर 74999 की खरीदारी की है। आरोपी ने ऑनलाइन मोबाइल खरीदा और उनके खाते से इसका भुगतान कर दिया। खाता हैक होने के कारण ओटीपी भी उसके पास नहीं पहुंचा। इस मामले में विद्यानंद ने सदर कोतवाली में आरोपी के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है।
दिल्ली रोड पर लगे टावर से सामान चोरी
सहारनपुर। दिल्ली रोड स्थित मनोहरपुर गांव में लगे एक कंपनी के टावर से चोरों ने बैटरी एवं अन्य सामान चोरी कर लिया। सुपरवाइजर मेघराज के मुताबिक चोर रात के समय टावर से चोरी की। मेघराज ने सदर कोतवाली में चोरी की रिपोर्ट दर्ज कराई है।