गंगोह (सहारनपुर)। मंगलवार रात हाई वोल्टेज आने के कारण अनेक लोगों के बिजली यंत्र फुंक गए। उधर, संविदाकर्मियों की हड़ताल दूसरे दिन भी जारी रही। इसके चलते विद्युत आपूर्ति भी पटरी से उतर गई है।
मंगलवार रात मोहल्ला कोटला और मखदूम जहां में हाई वोल्टेज आने के कारण जहां कुछ लोगों के विद्युत मीटर पिंगल गए। वहीं अनेक लोगों के विद्युत संबंधित उपकरण भी फुंक गए। शिकायत लेकर बिजलीघर पहुंचे नजमी कुद्दूसी, अंकित शर्मा, नसीर साबरी, राकेश शर्मा, सब्बल, राजू, सतीश आदि का कहना है कि जिस समय यह घटना हुई उसी समय विद्युत अधिकारियों को फोन किया गया, लेकिन किसी ने भी फोन नहीं उठाया। इन लोगों का यह भी आरोप है कि बुधवार को जब वह समस्या के समाधान के लिये बिजलीघर पहुंचे तो वहां भी कोई अधिकारी उन्हें नही मिला। लोगों का कहना है कि हाई वोल्टेज के कारण उनके हजारों रुपये के उपकरण फुंक गए और विद्युत आपूर्ति भी उन्हें नही के बराबर ही मिल रही है। लोगों ने विभागीय अधिकारियों से समस्या के शीघ्र समाधान की मांग की है। दूसरी तरफ मंगलवार से चल रही बिजली संविदा कर्मियों की हड़ताल बुधवार को भी जारी रही। नगर व आसपास के बिजलीघरों के संविदाकर्मी भी हड़ताल में शामिल रहे। संविदाकर्मी अपने बकाया वेतन की मांग कर रहे हैं। हड़ताल के कारण नगर व क्षेत्र की विद्युत आपूर्ति भी चरमरा गई है। बुधवार को धरने पर बृजपाल, अयूब, हसीन, सेठ पाल, असलम, मुनीर, अमित, मुर्तजा, ताहिर, अफसर, हसीन, इरशाद मौजूद रहे।