एटीएस पहुंची फरहा फैज के घर, आरोपी के बारे में की पूछताछ
सहारनपुर। एनआईए द्वारा पकड़े गए एक संदिग्ध पर दो साल पहले हमला किए जाने का आरोप लगाने वाली सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता फरहा फैज के घर एटीएस पहुंची। टीम ने उनके द्वारा दर्ज कराई गई रिपोर्ट, दिए गए बयान के संबंध में पूछताछ की। एटीएस लगभग दो घंटे तक रही।
तीन तलाक के खिलाफ सुप्रीम कोर्ट में वाद दायर करने वाली अधिवक्ता फरहा फैज ने एनआईए द्वारा गिरफ्तार संदिग्धों में शामिल एक संदिग्ध हापुड़ निवासी शाकिब पर आरोप लगाया था कि उसी ने ही वर्ष 2016 में ट्रेन में उन पर हमला किया था। उनसे कहा था कि कुछ सिरफिरी औरतें यह समझतीं हैं कि वह शरीयत को बदल देंगी। इस मामले में फरहा फैज ने दिल्ली के निजामुद्दीन थाने में जांच अधिकारी को अपने बयान भी दर्ज कराए और सहारनपुर एसएसपी को भी मामले की जानकारी दी थी।
इस मामले में शुक्रवार को एटीएस गोपनीय तरीके से मंडी कोतवाली के मोहल्ला प्रताप नगर स्थित फरहा फैज के आवास पर पहुंची। टीम ने गोपनीय तरीके से फरहा फैज से काफी देर तक पूछताछ की। जिसमें 2016 का घटनाक्रम, एक टीवी चैनल पर हुए विवाद एवं थप्पड़ कांड के बारे में भी जानकारी की। टीम ने हमला करने वाले आरोपी एवं मुकदमे की स्थिति की भी जानकारी ली। इस मामले में फरहा फैज ने बताया कि एटीएस की टीम ने काफी देर तक पूछताछ की। जिसमें पूर्ण गोपनीयता बरती गई। उनके सुरक्षाकर्मी को भी दूर कर दिया गया। उन्होंने बताया कि अलग-अलग जगह पांच मामले चल रही हैं। इन सभी का जुड़ाव कुछ संस्थाओं से है। उनकी जानकारी एटीएस को दे दी है।