नगर निगम के सफाई कर्मचारी 31 से करेंगे हड़ताल
सहारनपुर। विभिन्न समस्याओं से जूझ रहे नगर निगम के सफाई कर्मचारियों ने शनिवार को नगर निगम परिसर में प्रदर्शन किया। प्रदर्शन में शामिल सफाई कर्मचारियों के संगठनों ने 31 दिसंबर से संयुक्त रूप से बेमियादी हड़ताल करने की चेतावनी दी है। चूंकि चार जनवरी 2019 से शहर में स्वच्छ सर्वेक्षण के लिए केंद्र सरकार की टीम आनी है। ऐसी स्थिति में हड़ताल की चेतावनी से अधिकारी चिंतित हैं।
शनिवार को अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ, उत्तर प्रदेशीय सफाई मजदूर संघ, अखिल भारतीय सफाई मजदूर कांग्रेस, सफाई कर्मचारी वेलफेयर एसोसिएशन सहित अन्य संगठनों से जुड़े सफाईकर्मियों ने सोनी आजाद के नेतृत्व में प्रदर्शन किया। आजाद ने आरोप लगाया कि नगर निगम सफाई कर्मचारियों का उत्पीड़न करता आ रहा है। कई प्रार्थना पत्र देने के बावजूद समस्याओं का समाधान नहीं हुआ है। इससे सफाई कर्मियों में नगर निगम के प्रति नाराजगी है। रघुवीर सिंह चंदेल, चेतन, राजकुमार जालोन, भारत राज, बबलू, सुनील, राहुल आदि ने 31 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल करने की घोषणा की। इसका सभी कर्मचारियों ने समर्थन किया। सोनी आजाद ने कहा कि यदि उनकी मांगें नहीं मानी गई तो नगर निगम के साथ ही सभी नगर पंचायतों और नगर पालिकाओं में भी हड़ताल की जाएगी। इसके लिए प्रशासन जिम्मेदार होगा। प्रदर्शनकारियों में धीरज आजाद, सतीश आदिवाल, राजकमल गहलोत, साथी लक्ष्मण सिंह, कुलदीप, प्रमोद, सुधा, गौरव, नीरज, विनोद, रोमी, अनुज, अमित, दिनेश, अजय, कंवलदास, जोनी, आशीष आदि शामिल रहे।