सहकारी समितियों के कर्मियों की हड़ताल से किसान परेशान
सहारनपुर। दो नवंबर से चल रही साधन सहकारी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल से किसान परेशान हैं। समितियों के बंद होने से किसान खाद और बीज के लिए भटक रहे हैं। उन्हें निजी विक्रेताओं के यहां से नगद खाद बीज खरीदना पड़ रहा है। अभी समितियों के कर्मचारियों की हड़ताल खुलने की उम्मीद दिखाई नहीं दे रही है।
समिति कर्मचारियों को राज्य कर्मचारी का दर्जा दिलाने, कुछ समितियों के कर्मियों का बकाया वेतन भुगतान और सेवानिवृत्ति की उम्र 60 से बढ़ाकर 62 वर्ष करने की मांग को लेकर साधन सहकारी समितियों के कर्मचारी दो नवंबर से धरना-प्रदर्शन कर रहे हैं। कर्मचारियों की हड़ताल से समितियों का कामकाज ठप है। इससे किसानों को फसल बुआई के लिए खाद और बीज के लिए परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। आमतौर पर किसान रबी में गेहूं का बीज और उर्वरक सहकारी समितियों से क्रेडिट कार्ड पर उठाते हैं।
गेहूं की बुआई में जुटे किसानों को निजी विक्रेताओं से खाद और बीज लेना पड़ रहा है। गांव बुड्ढाखेड़ा गुर्जर के कल्याण सिंह, उमरी खुर्द के नेत्रपाल, नंदी फिरोजपुर के प्रदीप चौधरी, सढौली हरिया के महीपाल सिंह चेयरमैन, विकास सिंह, यशपाल सिंह आदि किसानों का कहना है कि समिति कर्मचारियों की हड़ताल से किसानों को काफी परेशानी हो रही है। किसानों को निजी दुकानदारों से खाद और बीज लेना पड़ रहा है। उन्होंने जिला प्रशासन से समस्या का तत्काल समाधान कराने की मांग की। उधर, साधन समिति सचिव परिषद के जिला सचिव वीरेंद्र कुमार ने बताया कि मांगे पूरी होने तक समिति कर्मचारियों का आंदोलन जारी रहेगा।