स्वास्थ्य कर्मचारियों ने की हड़ताल, मरीजों को हुई परेशानी
गंगोह (सहारनपुर)। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र परिसर स्थित एएनएम के आवास में दिनदहाडे़ हुई चोरी की वारदात से गुस्साए स्वास्थ्य कर्मियों ने शुक्रवार को हड़ताल कर दी। उनके काम न करने के बाद सीएचसी पर आने वाले मरीजों और तीमारदारों को परेशानी उठानी पड़ी। बाद में स्वास्थ्य कर्मचारियों ने कोतवाली पहुंचकर घटना के खुलासे की मांग की। उन्होंने जल्द ही घटना का खुलासा और कार्रवाई न होने पर कार्य बहिष्कार जारी रखने की चेतावनी दी।
बता दें कि बुधवार सुबह चोरों ने एएनएम शशी गुप्ता के ड्यूटी पर जाने के बाद उनके आवास में घुसकर करीब ढाई लाख रुपये की नकदी, जेवर सहित अन्य सामान चोरी कर लिया था। आरोप है कि सूचना देने के बावजूद पुलिस ने मामले को गंभीरता से नही लिया। बृहस्पतिवार को अस्पताल में कार्यरत एएनएम एवं आशाओं ने पुलिस पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में काम बंद करा दिया। इससे अस्पताल में आए मरीज परेशान हो गए और उन्हें उपचार के लिए निजी चिकित्सकों के यहां जाना पड़ा।
उधर, उधर स्वास्थय कर्मचारी कोतवाली पहुंचे और घटना का खुलासा करने की मांग करते हुए हंगामा करने लगे। कोतवाली निरीक्षक जितेंद्र कुमार ने उन्हें कार्रवाई का आश्वासन दिया। लेकिन कर्मचारियों ने ठोस कार्रवाई होने तक हड़ताल समाप्त करने से इंकार कर दिया। कोतवाली पहुंचने वालों में डा. जगदीश सिंह, डा. विश्वजीत, शशी गुप्ता, अनुराधा, संतोष, मीनाक्षी, रितेश, रामकुमार, रजनीश, परविंद्र आदि रहे।