सहारनपुर। मानदेय में की जा रही कटौती के विरोध में नगर निगम के ठेका सफाईकर्मियों ने बुधवार को नगर निगम में धरना और प्रदर्शन किया। उन्होंने कटौती के लिए नगर निगम के संबंधित अधिकारी और ठेकेदार को जिम्मेदार ठहराया। नगरायुक्त ज्ञानेंद्र सिंह ने समस्याओं के समाधान करने का आश्वासन दिया।
नगर निगम के ठेका सफाईकर्मी और ड्राइवर पिछले करीब दो महीने से अपनी समस्याओं को लेकर आंदोलन कर रहे हैं। मंगलवार को भी उन्होंने नगर निगम में बैठक करने के बाद मेयर संजीव वालिया के निवास पर पहुंचकर उन्हें अपनी समस्या से अवगत कराया था। मगर कोई सुनवाई न होने से नाराज तमाम सफाईकर्मियों ने बुधवार को नगर निगम परिसर में धरना और प्रदर्शन किया। उन्होंने नगर निगम प्रशासन और ठेकेदार के खिलाफ नारेबाजी की। अखिल भारतीय सफाई मजदूर संघ के प्रदेश महासचिव सोनी आजाद ने अधिकारियों पर सफाईकर्मी हितों की अनदेखी करने का आरोप लगाया। कहा कि ड्राइवरों का मोनदेय 9600 रुपये हैं, जबकि उन्हें छह हजार रुपये दिए जा रहे हैं। सफाईकर्मियों को भी 9180 की जगह 6500 रुपये मानदेय दिया जा रहा है। इस मौके पर साथी लक्ष्मण सिंह, सतीश आदिवाल, राजकमल गहलौत, आशीष मेहरोल, वरदान, गौरव, नीरज, अमन, प्रमोद, रोमी, सूरजपाल आदि मौजूद रहे।