सहारनपुर। भीम आर्मी चीफ एवं सहारनपुर हिंसा का आरोपी चंद्रशेखर उर्फ रावण कोर्ट में पेशी के लिए नहीं आ सका। रावण के इंतजार में सुबह से ही कचहरी में समर्थकों की भीड़ लगी रही। मीडिया को भी रावण ने अपनी बात रखने के लिए बुलवाया था।
सोमवार को भीम आर्मी के संस्थापक चंद्रशेखर उर्फ रावण की एसीजेएम कोर्ट में तारीख लगी थी। रावण के पेशी पर आने की सूचना पर भीम आर्मी के सभी पदाधिकारी कचहरी में सुबह 11 बजे ही पहुंच गए। यही नहीं मीडिया को भी रावण की ओर से संदेश भिजवाकर अपनी बात रखने के लिए बुलवाया गया। मीडिया के पहुंचते ही पुलिस एवं खुफिया विभाग सक्रिय हो गया। दोपहर बाद तक लोग इंतजार करते रहे। बताया जा रहा है कि मीडिया से बचाने के फेर में रावण को कचहरी लाया ही नहीं गया। कोर्ट से पेशी के लिए दूसरी तारीख ले ली गई। भीम आर्मी के जिलाध्यक्ष कमल सिंह वालिया ने बताया कि गारद न पहुंचने का बहाना बनाकर चंद्रशेखर को कचहरी में पेशी के लिए नहीं लाया गया है। पिछली बार भी यही बहाना बना दिया गया था।