सहारनपुर। ऐसे क्रिकेट प्रेमी जो आईपीएल के मुकाबलों को स्टेडियम में जाकर लाइव देखने से महरूम हैं। उनके लिए अपने शहर यानी सहारनपुर में स्टेडियम सजाया जा रहा है। आईपीएल कमेटी ने सहारनपुर के क्रिकेट प्रेमियों के लिए विशेष आईपीएल फैन पार्क की व्यवस्था की है। गांधी पार्क में करीब 15 हजार दर्शकों के लिए ऐसा ही माहौल देने की तैयारी चल रही है। जहां दर्शक मैदान में बैठकर 32 फुट लंबी और 18 फुट ऊंची बड़ी स्क्रीन पर क्रिकेट लाइव का लुफ्त उठा सकेंगे।
सहारनपुर डिस्ट्रिक्ट क्रिकेट एसोसिएशन पदाधिकारियों ने शुक्रवार को पत्रकार वार्ता करते हुए इसकी जानकारी दी। सचिव लतीफुर्रहमान ने बताया कि आईपीएल चेयरमैन राजीव शुक्ला और बीसीसीआई में कार्यरत अकरम सैफी ने सहारनपुर में आईपीएल फैन पार्क का आयोजन करने का निर्णय लिया है। इससे पहले वर्ष 2016 में सहारनपुर के इस्लामिया इंटर कॉलेज मैदान पर आईपीएल फैन पार्क आयोजित किया जा चुका है। इस बार इसे गांधी पार्क मैदान में कराने का निर्णय लिया गया है। गांधी पार्क मैदान पर ग्रीन मैट को मैदान जैसा लुक दिया जा रहा है, जिसपर करीब 15 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था रहेगी। सामने 32 फुट लंबी और 18 फुट ऊंची स्क्रीन रहेगी, जिसपर दर्शक स्टेडियम जैसे रोमांच के साथ आईपीएल के मुकाबलों का आनंद उठा सकेंगे। एंट्री के लिए कोई चार्ज नहीं रहेगा। एंट्री गेट पर दर्शकों की बाकायदा तलाशी होगी, जिसके बाद ही उन्हें अंदर जाने दिया जाएगा। शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस बल तैनात रहेगा। वीआईपी और मीडिया के बैठने के लिए अलग से व्यवस्था रहेगी। आईपीएल फैन पार्क देश के कुल 35 शहरों और प्रदेश के कुल चार शहरों में आयोजित किया जा रहा है। ऐसे में यह सहारनपुर के लिए सौभाग्य की बात है कि यहां इसका आयोजन हो रहा है। उधर, अकरम सैफी ने बताया कि आईपीएल फैन पार्क को आयोजित करने का उद्देश्य सहारनपुर में क्रिकेट के लिए बेहतर माहौल तैयार करना है।
दर्शकों के लिए इनाम जीतने का मौका
आईपीएल फैन पार्क में एंट्री के दौरान प्रत्येक दर्शक को लकी कूपन दिया जाएगा। यह कुल उन्हें अंदर जमा करना होगा। लकी विजेताओं को आईपीएल की ओर से खिलाड़ियों के हस्ताक्षर की हुईं टी शर्ट और बल्ले दिए जाएंगे। यानी फ्री के इस शो में दर्शकों के लिए एक ओर जहां रोमांच होगा वहीं इनाम अलग से। इसके अलावा खाने के स्टॉल आदि भी होंगे।
190 देशों में हो रहा सहारनपुर का प्रचार
सहारनपुर में आयोजित होने वाले आईपीएल फैन पार्क का प्रचार आईपीएल मैच के दौरान किया जा रहा है। पिछले तीन दिन से आईपीएल मुकाबलों के दौरान मैदान के चारों ओर लगे एडवरटाइजिंग बोर्ड पर सहारनपुर का नाम चल रहा है। चूंकि मैचों का प्रसारण करीब 190 देशों में हो रहा है। ऐसे में इसे लेकर भी सहारनपुर के क्रिकेट प्रेमी उत्साहित हैं।
इन टीमों के होंगे मुकाबले
शनिवार की शाम चार बजे चेन्नई सुपर किंग्स और रॉयल चैलेंजर बंगलुरू का मुकाबला होगा, जबकि रात आठ बजे सन राइजर्स हैदराबाद और दिल्ली डेयर डेविल्स की टीम भिडेंगी। रविवार की शाम चार बजे मुंबई इंडियंस और कोलकाता नाइट राइडर्स के बीच मैच खेला जाएगा, जबकि रात आठ बजे से किंग्स इलेविन पंजाब और राजस्थान रॉयल्स के बीच मैच होगा। आईपीएल फैन पार्क में इन चारों मैचों को लाइव दिखाया जाएगा।