सहारनपुर। बाबा साहब डाक्टर भीम राव आंबेडकर जयंती के कार्यक्रमों को लेकर जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। प्रमुख स्थानों पर कड़ी पुलिस चौकसी की गई है और संवेदनशील स्थानों पर पुलिस के अलावा पीएसी भी तैनात कर दी गई है। पिछली घटनाओं से सबक लेते हुए इस बार अभी तक शहर में कहीं भी शोभायात्रा निकाले जाने को अनुमति नहीं दी गई है।
सहारनपुर में बाबा साहब डाक्टर भीमराव आंबेडकर की जयंती की तैयारियां जोरशोर से हो रहीं हैं। पुलिस ने भी जयंती पर शांतिपूर्ण माहौल बनाए रखने के लिए सुरक्षा व्यवस्था सख्त कर दी है। जिले भर में अलर्ट जारी कर दिया गया है। शहर में आठ स्थानों पर जयंती कार्यक्रम मनाए जाने की अनुमति दी गई है। एक ओर भीम आर्मी के पदाधिकारी बाबा साहब की जयंती को धूमधाम से मनाने की तैयारी कर रहे हैं। वहीं बसपा का भी गांधी पार्क में बड़ा आयोजन शनिवार को होने जा रहा है। इसके लिए पुलिस ने आसपास के इलाकों में चेकिंग शुरू कर दी है। लोगों से बातचीत कर कहीं भी विवाद की स्थिति पैदा न हो इसके लिए प्रयास किए जा रहे हैं। शहर के अलावा जिले के कुछ संवेदनशील क्षेत्रों में भी कड़ी सुरक्षा की गई है। ग्राम हौजखेड़ी, पीकी, सरकड़ी शेख, शब्बीपुर, हलालपुर के अलावा ग्राम सड़क दूधली में हुई पिछली घटनाओं को देखते हुए संबंधित थाने से रिपोर्ट लगातार मंगाई जा रही है। पिछले वर्ष सड़क दूधली में आंबेडकर जयंती के उपलक्ष्य में निकाली जा रही शोभायात्रा के दौरान पथराव, तोड़फोड़, आगजनी हुई थी। इस स्थिति को देखते हुए अभी तक प्रशासन ने शोभायात्रा निकाले जाने की अनुमति नहीं दी है।
--------------
--। शोभायात्रा की नहीं दी अनुमति
अभी तक आठ स्थानों पर गोष्ठियां, कार्यक्रम आयोजन को अनुमति दी गई है। शोभायात्रा के लिए अभी तक कोई अनुमति नहीं दी गई है।
-। राजेश कुमार, नगर मजिस्ट्रेट, सहारनपुर।
---------------
--। हर जगह सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम
जहां भी घटनाएं हुईं हैं, वहां अतिरिक्त सुरक्षा व्यवस्था की गई है। कार्यक्रम भी वहीं आयोजित हो रहे हैं, जहां पहले से होते आए हैं। किसी नए कार्यक्रम को अनुमति नहीं दी गई है। शोभायात्रा की भी अभी कोई अनुमति नहीं है।
--। बबलू कुमार, एसएसपी, सहारनपुर