सहारनपुर। जिलाधिकारी पीके पांडेय ने कहा कि ग्रामीण पेयजल योजनाओं के अधूरे कार्यों को समय से पूरा कराया जाए। विधायक निधि से लगने वाले हैंडपंपों के बारे में विधायकों से सूची प्राप्त कर आवश्यक कार्यवाही की जाए। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रीष्मकाल में पेयजल की समस्या नहीं होनी चाहिए।
शुक्रवार को विकास भवन सभागार में पेयजल योजनाओं की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने कहा कि लागत से अधिक धन खर्च करने वाले अधिकारियों को चिह्नित कर दंडित किया जाएगा। उन्होंने मुख्य विकास अधिकारी को निर्देश दिए कि जनपद में लंबित परियोजनाओं का अपने स्तर से भौतिक सत्यापन करें तथा जहां भी लापरवाही बरती गयी हो, वहां संबंधित के विरुद्ध कार्रवाई करें। बैठक में जल निगम द्वारा बताया कि देवबंद व नकुड़ में पेयजल से संबंधित कार्य पूर्ण हो गए हैं। जिलाधिकारी ने जल निगम के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि पेयजल परियोजनाओं में विद्युत कनेक्शन की समुचित व्यवस्था की जाए। उन्होंने कहा कि जहां भी बिजली की समस्या है या ट्रांसफार्मर फुंक गए हैं उसके लिए मुख्य विकास अधिकारी से संपर्क करें। विद्युत निगम के अधिकारी ने बताया गया कि ग्राम सभाओं द्वारा बिजली के बिल का भुगतान नहीं किया जा रहा है। बैठक में मुख्य विकास अधिकारी संजीव रंजन सहित जल निगम, विद्युत विभाग सहित अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।