किसानों की समस्याओं के निदान के लिए उप गन्ना आयुक्त को पत्र लिखा
अंबेहटा (सहारनपुर)। किसानों ने जिले की शुगर मिलों की उदासीनता के कारण अपने सामने आ रही अनेक समस्याओं के निदान के लिए उप गन्ना आयुक्त को पत्र लिखा है।
किसान हित एवं गो सेवा समिति से जुड़े किसानों ने उप गन्ना आयुक्त को लिखे पत्र से अवगत कराया कि जनपद सहारनपुर में शुगर मिलों की उदासीनता के चलते किसान अनेक समस्याओं से ग्रस्त हैं। बिड़वी शुगर मिल क्षेत्र में पिछले दो वर्षों की अपेक्षा इस बार गन्ने की पैदावार अधिक हुई है। बिड़वी मिल गेट पर क ॉपरेटिव शुगर मिल सरसावा व उत्तम शुगर मिल शेरमऊ के गन्ना क्रय केंद्र लगे हैं, लेकिन इन केंद्रों पर गन्ना खरीद कम आने के कारण किसानों का गन्ना खेतों में खड़ा है, जिस कारण गेहूं की बुआई प्रभावित हो रही है। किसानों ने मांग की है कि बिड़वी मिल गेट पर दया शुगर मिल गागलहेड़ी का गन्ना क्रय केंद्र लगवाया जाए, जिससे गन्ने का उठान हो सके। इसके अलावा किसानों ने मांग की है कि सरसावा शुगर मिल के गन्ना क्रय केंद्र सहजवा, बिड़वी गेट एवं शेरमऊ मिल के गन्ना क्रय केंद्र बिड़वी गेट की गन्ना खरीद बढ़ाकर 1500 सौ कुंतल प्रतिदिन कर दी जाए। इसके अलावा किसानों ने अवगत कराया कि सहारनपुर की शुगर मिलों पर इस सत्र का करीब 225 करोड़ रुपये गन्ना भुगतान बकाया है और नानौता व सरसावा मिल पर पिछले सत्र का लगभग 20 करोड़ रुपये बकाया है। किसानों के इस भुगतान को अतिशीघ्र कराये जाये ताकि किसानों की आर्थिक तंगी दूर हो सके। किसानों ने गन्ना आयुक्त से किसानों की मांगों पर विचार कर इनके समाधान की मांग की है।
गन्ना आयुक्त को भेजे पत्र पर किसान हित एवं गो सेवा समिति के अध्यक्ष चौधरी कृष्णकांत उर्फ बिट्टू नंबरदार, प्रवेश कुमार, भूप सिंह, सुंदर चौधरी, सुधीर कुमार, राज सिंह, अनूप कुमार, अमर सिंह, अंकुश चौधरी, वेदपाल सिंह, योगेंद्र कुमार, प्रताप सिंह आदि किसानों के हस्ताक्षर हैं।