प्रभावशाली लोगों के घरों पर चला
विद्युत निगम का चेकिंग अभियान
देवबंद (सहारनपुर)। विद्युत निगम अधिकारियों ने शनिवार को नगर के तीन प्रभावशाली व्यक्तियों के घरों की चेकिंग करते हुए अधीनस्थ कर्मचारियों को संदेश दिया कि कानून सबके लिए बराबर हैं। उन्हें किसी से डरने की जरूरत नहीं है।
शनिवार को विद्युत निगम के अधिशासी अभियंता राजपाल सिंह रविवंशी के नेतृत्व में टीम ने मोहल्ला पठानपुरा रेती चौक स्थित पूर्व पालिकाध्यक्ष जियाउद्दीन अंसारी, समाजसेवी फैजान कुरैशी और मोहल्ला अबुलमाली में गन्ना समिति के पूर्व चेयरमैन दिलशाद गौड के यहां पहुंचकर कनेक्शनों को चेक किया। रविवंशी ने बताया कि निगम से उन्हें नगर के 15 प्रभावशाली लोगों की सूची प्राप्त हुई है। शनिवार को तीन लोगों के यहां कनेक्शनों की चेकिंग की गई जबकि शेष 12 लोगों के यहां भी टीम जाकर चेकिंग करेगी।
रविवंशी ने कहा कि सभी विद्युत उपभोक्ता समय से अपना विद्युत बिल जमा कराएं और विद्युत चोरी से बचें। उन्होंने बताया कि जल्द ही नगर के रेती चौक, घास मंडी, मीना बाजार आदि मोहल्लों में सघन चेकिंग की जाएगी। चेकिंग के दौरान उपखंड अधिकारी अमित कुमार त्यागी, अवर अभियंता सत्यप्रकाश, अजय कुमार, शशिकांत पासवान, पवन कुमार यादव, मोहम्मद जीशान समेत लाइन स्टॉफ मौजूद रहा।