देवबंद (सहारनपुर)। भारतीय वाल्मीकि धर्म समाज की शनिवार को हुई बैठक में वाल्मीकि समाज के लोगों ने वाल्मीकि धर्मशाला को खाली कराने की मांग प्रशासन से की है।
शनिवार को महर्षि वाल्मीकि मंदिर परिसर में हुई बैठक में समाज ने लोगों ने कहा कि धर्मशाला में प्राथमिक विद्यालय नंबर 14 संचालित होने के कारण समाज के लोगों को अपने शादी-विवाह आदि आयोजन करने में परेशानी उठानी पड़ रही है। क्योंकि, समाज के लोगों के पास धर्मशाला के अलावा कोई अन्य स्थल नहीं है, जहां आयोजन कराया जा सके। समाज के लोगों ने कहा कि वर्ष 2014 से लेकर अब तक वह कई मर्तबा शासन प्रशासन को समस्या से अवगत करा चुके हैं, लेकिन कोई सुनवाई नहीं हुई। बैठक में निर्णय लिया गया यदि उनकी धर्मशाला को खाली नहीं कराया गया तो आगामी चुनावों का वाल्मीकि समाज बहिष्कार कर देगा। किसी भी पार्टी के नेता को कॉलोनी में नहीं आने दिया जाएगा। समाज के लोगों ने एक सुर में प्रशासन से धर्मशाला को खाली कराने की मांग की। इस मौके पर अशोक वाल्मीकि, कुलदीप सौदाई, सीताराम, अनिल, चंपा, रणजीत, अनुज, सुशीला, सुनील, रोशन, विजय, संदीप, मुनेश, शारदा, संतोष, कवि, कौशल, अमन आदि रहे।