सहारनपुर। आईआईए की वार्षिक सामान्य निकाय बैठक में संयुक्त उद्योग आयुक्त सिद्धार्थ यादव ने कहा कि जनपद में जहां होजरी और हैंडीक्राफ्ट के कलस्टर बनाए जा रहे हैं, वहीं 100 एकड़ में फूड पार्क भी बनाया जाएगा। फूड प्रोसेसिंग से संबंधित भी एक कलस्टर बनाया जाना है।
दिल्ली रोड स्थित एक सभागार में आयोजित कार्यक्रम में मुख्य अतिथि सिद्धार्थ यादव ने कहा कि महिला उद्यमियों के लिए उद्योग विभाग में बहुत योजनाएं संचालित हैं। इसमें उन्हें 7.5 प्रतिशत तक की सब्सिडी दी जाती है। ईज ऑफ डुइंग के मामले में जनपद प्रदेश में चौथे रैंक पर आया है।
उन्होंने कहा कि उद्यमी जेम पोर्टल के माध्यम से सरकारी विभागों को सीधे अपने उत्पाद बेच सकते हैं। सहारनपुर में होजरी, फूड प्रोसेसिंग से संबंधित कलस्टर बनाने की योजना चल रही है। सरकारी विभागों से कोई भी एनओसी लेने के लिए निवेश मित्र पोर्टल पर आवेदन कर एमओयू प्राप्त कर सकते हैं।
चैप्टर चेयरमैन रविन्द्र मिगलानी ने कहा कि संस्था ने वर्ष 2019-20 में 63 नए सदस्य और 2020-21 में 58 सदस्य जोडे़ हैं। विभिन्न सरकारी विभागों से संबंधित 28 नई कमेटियां बनाई गई हैं। महिला विंग के साथ ही हेल्थ अवेयरनेस कमेटी का भी गठन किया गया है। उन्होंने कहा कि पिलखनी औद्योगिक क्षेत्र में जिला पंचायत की ओर से कर वसूली के नोटिस भेजे जा रहे थे, जिसके संबंध में संस्था के प्रतिनिधिमंडल ने मंडलायुक्त से वार्ता की। पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष रामजी सुनेजा, प्रमोद मिगलानी, केएल अरोड़ा, संजीव अरोड़ा, आरके धवन, सुशील सडाना, सरदार हरजीत सिंह ने भी विचार रखें। संचालन राजेश सपरा ने किया। इस दौरान केआर सिंघल, संजय बजाज, परविंदर सिंह, सुषमा बजाज रश्मि टेरेंस, निधि राणा, शैली साहनी, ओमना सुनेजा, संगीता शर्मा, पूनम बाली, दीपिका वर्मा, तरन्नुम अख्तर, श्रेसरा गौड़, सतीश अरोड़ा, सुनील सैनी, हर्षित मल्होत्रा, मनोज जैन आदि मौजूद रहे।