सहारनपुर। सर्दियों का सीजन अभी शुरू नहीं हुआ है, लेकिन रेलवे ने संभावित कोहरे को देखते हुए 10 ट्रेनों को तीन महीने के लिए निरस्त कर दिया है। यह ट्रेनें दिसंबर 2026 से दो मार्च 2027 तक अलग-अलग तिथियों में निरस्त रहेगी। सभी ट्रेनें सहारनपुर से होकर जाती हैं। ट्रेनों के निरस्त होने से जम्मूतवी, अमृतसर, हरियाणा, बिहार जाने वाले यात्रियों की परेशानी बढ़ेगी।
रेलवे की ओर से जारी सूची के अनुसार, 14523-24 बरौनी-अंबाला हरिहर एक्सप्रेस तीन दिसंबर से एक मार्च और एक दिसंबर से 27 फरवरी तक निरस्त रहेगी। 14605-06 ऋषिकेश-जम्मूतवी एक्सप्रेस सात दिसंबर से एक मार्च और छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी। 14617-18 पूर्णिया कोर्ट-अमृतसर जनसेवा एक्सप्रेस तीन दिसंबर से दो मार्च और एक दिसंबर से 28 फरवरी तक निरस्त रखी जाएगी।
18103-04 टाटानगर-अमृतसर जलियांवाला बाग एक्सप्रेस दो दिसंबर से 24 फरवरी व चार दिसंबर से 26 फरवरी तक निरस्त रहेगी। 12207-08 काठगोदाम-जम्मूतवी गरीबरथ एक्सप्रेस आठ दिसंबर से दो मार्च और छह दिसंबर से 28 फरवरी तक नहीं चलेगी। इन ट्रेनों में टिकट बुकिंग भी शुरू हो गई है। उधर, अंबाला मंडल के सीनियर डीसीएम यशनजीत सिंह ने बताया कि कोहरे की वजह से लंबी दूरी की ट्रेनें लेट होती हैं। इसलिए कुछ ट्रेनों को निरस्त रखा जाता है।