ऑनलाइन ठगी के आरोप में पकड़े गये आरोपी से बरामद कैश और सामान
- फोटो : SAHARANPUR
ऑनलाइन ठगी के अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 10 सदस्य गिरफ्तार
सहारनपुर। नगर कोतवाली और साइबर थाने की टीम ने पेटीएम के नाम पर ऑनलाइन ठगी करने वाले अंतरराष्ट्रीय गिरोह के 10 बदमाशाें को गिरफ्तार किया है। इनमें दो नेपाल के रहने वाले हैं और आठ आरोपी सहारनपुर के हैं। लालच देकर लोगों के आधार कार्ड लेने के बाद फर्जी सिम से पेटीएम आईडी बनाकर ठगी का धंधा किया जा रहा था।
पुलिस लाइन सभागार में एसएसपी डॉ. एस चनप्पा ने रविवार को इस गिरोह का खुलासा किया। उन्होंने बताया कि ऑनलाइन ठगी की सूचना पर नुमाइश कैंप क्षेत्र में गौरव गुंबर उर्फ काकू के मकान में छापा मारा गया। यहां से गिरोह के 10 बदमाशों को गिरफ्तार किया गया। इन्होंने बताया कि फर्जी योजनाओं का लालच देकर लोगों के आधार कार्ड लेने के बाद पेटीएम आईडी बनाकर अब तक लाखों रुपये की ठगी कर चुके हैं। गिरोह में दो सदस्य नेपाली और बाकी सहारनपुर के हैं। इनसे साढ़े चार लाख रुपये बरामद किए हैं। 1400 खाते सीज कर करीब 50 लाख रुपये की रकम को फ्रीज कराया गया। आरोपियों के पास से एक कंप्यूटर, एक थंब स्कैनर, प्रिंटर, 24 मोबाइल फोन, 664 सिम कार्ड, 19 आधार कार्ड, 16 आधार कार्ड की छायाप्रति, चार पेटीएम डिवाइस, 20 बार कोड, एक मोहर और तीन बैग बरामद किए गए हैं।