सरसावा में मंगलवार को हाईवे पर ऐसा जाम लगा कि 10 किलोमीटर तक सड़क पर वाहनों की कतारें लग गई। इस दौरान जाम में फंसे वाहन।
- फोटो : अमर उजाला ब्यूरो
कांवड़ यात्रा के कारण बंद पड़ी यमुनानगर की लकड़ी मंडी के 10 दिन बाद खुली। दस दिन बाद मंडी खुलने से ट्रैक्टर ट्रालियों की भारी भीड़ रही। जिसके चलते राजमार्ग पूरी तरह जाम हो गया। जिससे यात्रियों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा।
कांवड़ यात्रा के चलते लकड़ी मंडी 20 जुलाई से ही बंद कर दी गई। जिसके कारण हरियाणा के यमुनानगर की लकड़ी मंडी में भी ताला पड़ा हुआ था। मंडी के खुलते ही लकड़ी की सप्लाई के लिए ट्रैक्टर ट्रालियां पहुंच गईं।
सप्लाई लेकर निकले वाहनों से हाईवे पर जाम लगना शुरू हुआ। धीरे-धीरे जाम इतना लंबा हो गया कि जाम यमुनानगर से 10 किमी दूर शाहजहांपुर चौकी तक आ पहुंचा।
इसी बीच पानसरा रेलवे फाटक में खराबी आ गई। जिसके कारण डायवर्जन मार्ग भी बंद हो गया। सुबह 8 बजे से लगा जाम शाम 4 बजे खुल पाया। जाम में फंसे लोगों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ा। शाहजहांपुर चौकी पर तैनात पुलिस कर्मियों ने बताया कि सुबह 8 बजे के करीब लगा जाम शाम 4 बजे के खुल पाया। जिसके बाद ही ट्रैफिक सामान्य हुआ।