अंबाला रोड पर खुर्जा मिल स्थित वाल्मीकि बस्ती में 75 वर्षीय सोमी घर में अकेली रहती थी। पति कालीचरण की मौत हो चुकी है, जबकि बेटा अलग रहता है। पड़ोस में रहने वाला अंकुश रिश्ते में सोमी का पोता लगता है। सोमवार देर रात अंकुश दादी के मकान में घुस गया। उसने स्मैक खरीदने के लिए रुपये मांगे, लेकिन सोमी ने रुपये देने से मना कर दिया। इसके बाद अंकुश ने गुस्से में आकर हाथ में लिए डंडे से सिर पर कई वार किए, जिससे सोमी की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या करने के बाद आरोपी कमरे में दो बक्सों से 46,537 रुपये, सोने-चांदी के दो-दो कड़े सहित अन्य जेवरात लेकर भाग गया। मंगलवार दोपहर बाद आसपास के लोगों को पता चला। पुलिस ने देर रात हत्या का मामला दर्ज किया। छानबीन के बाद आरोपी अंकुश को दबनी कब्रिस्तान के पास से बुधवार को गिरफ्तार किया गया। आरोपी के पास से लूटे गए जेवरात और नकदी बरामद हो गई। अंकुश ने पूरी घटना पुलिस को बताई कि कैसे सोनी उसे कहती रही बेटा मत मार, मैंने तुझे पाला है। मगर नशे की लत के कारण उसने एक नहीं सुनी।