उत्तर प्रदेश में रोडवेज जुलाई से यात्रियों को बड़ा तोहफा दे सकता है। बसों में ऑनलाइन रिजर्वेशन की सुविधा शुरू करने की तैयारी शुरू हो गई है। बसों को पैसेंजर रिजर्वेशन सिस्टम (पीआरएस) में अपलोड किया जा रहा है।
कोशिश यह है कि पहले चरण में एक्सप्रेस और लंबी दूरी की बसों में रिजर्वेशन की सुविधा मुहैया कराई जाएगी। इलाहाबाद में लखनऊ, कानपुर, दिल्ली और गोरखपुर रूट की बसों को इसमें शामिल किया जा रहा है। इसके लिए बसों में सीट नंबर डालने का काम भी जल्द शुरू होने जा रहा है।
महाकुंभ के पहले ही रोडवेज इंटेलीजेंट ट्रांसपोर्ट मैनेजमेंट सिस्टम (आईटीएमएस) शुरू करने की कोशिशों में जुटा था, समय कम होने के कारण इसे लागू नहीं किया जा सका। अब इस योजना में तेजी आ गई है।
केंद्रीय सर्वर की स्थापना के साथ ही पूरे सूबे की एक्सप्रेस और लंबी दूरी की बसों की जानकारियां पीआरएस में अपलोड की जा रही हैं। इसमें बसों के नंबर और डिपो का नाम, रूट, बस छूटने और पहुंचने का समय, किराया आदि विवरण हैं।
अफसरों के मुताबिक चरणबद्ध तरीके से प्रशिक्षण का कार्य पूरा हो चुका है। बुकिंग की सुविधा बस अड्डों पर रहेगी। साथ ही ऑनलाइन बुकिंग की सुविधा भी मिलेगी।
बुकिंग के लिए एजेंट के चयन का काम भी चल रहा है। कोशिश है कि यात्रियों रिजर्व टिकट लेने के लिए बस अड्डे तक जाने की जरूरत न पड़े।
इसके साथ ही लखनऊ और गाजियाबाद क्षेत्र में नई ईटीएम (इलेक्ट्रानिक टिकटिंग मशीन) भी मुहैया कराई जा रही हैं। इस मशीन से चलती बस में जो भी टिकट बनेंगे, उनका विवरण सीधे केंद्रीय सर्वर में दर्ज होगा।
महीने भर पहले योजना बनी थी कि जून से एक्सप्रेस सेवा की बसों में बुकिंग की सुविधा मुहैया कराई जाए, लेकिन अब सामान्य श्रेणी की बसों को भी इसमें शामिल किया जा रहा है। जुलाई से रिजर्वेशन की सुविधा मिलने की संभावना है।