यूपी में महिलाओं पर जुर्म कम होने का नाम नहीं ले रहा है। नया मामला प्रतापगढ़ के जेठवारा थाना क्षेत्र का है।
बलात्कार के मामले में कोर्ट के समक्ष बयान देने से रोकने के लिए आरोपी के भाई ने दो अन्य लोगों के साथ मिलकर पीड़िता की जुबान काट डाली।
कटी हुई जीभ मुंह में ही एक कोने से अटकी है। युवती को गंभीर हालत में जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के पिता ने तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई है जिसमें दो नामजद हैं।
घटना के मूल में छह माह पुराना विवाद है। जेठवारा की युवती का हरिहरपुर बाघराय के सजातीय युवक लवलेश से प्रेम संबंध था। दोनों के घर वालों ने उनकी शादी को रजामंदी दे दी लेकिन बीच में युवक का एक भाई आडे़ आ गया।
उसने युवती के घरवालों से दहेज की मांग कर दी। इस पर रिश्ता टूट गया। प्रेमी ने युवती को घर से भागने की सलाह दी मगर युवती नहीं तैयार हुई।
नाराज युवक ने युवती को 23 जनवरी 2013 की रात हमला कर चाकुओँ से घायल कर दिया। इस मामले में मारपीट की रिपोर्ट दर्ज हुई। बाद में पीड़िता ने बलात्कार होने का बयान दर्ज कराया।
आरोप की जांच के बाद लवलेश को जेल भेज दिया गया। लवलेश फिलहाल जेल में ही है। इसी मामले में पीड़िता का 24 जुलाई को कोर्ट में बयान होना था।
युवती के पिता के मुताबिक बुधवार देर रात वह घर से बाहर बर्तन मांज रही थी कि कुछ लोगों ने उसे दबोच लिया। घर से कुछ दूर ले जाकर खूब मारा और उसकी जीभ रेत दी।
युवती घर पहुंची तो उसकी हालत देख परिजन रात में ही जिला अस्पताल ले गए। आरोपी का भाई युवती और उसके मां बाप को कई दिन से धमका रहा था कि बयान न दें। युवती बयान पर अड़ी थी।
इस मामले में युवती के पिता ने हरिहरपुर बाघराय निवासी लवलेश के भाई लालजी, उसकी बुआ के लड़के इंदल सहित तीन के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज कराई। पुलिस ने आरोपी की तलाश में दबिश दी लेकिन कोई पकड़ा नहीं जा सका।
डॉक्टर ने किया खेल, फिर से होगा मेडिकल
युवती की जीभ काटने और मारने पीटने के मामले में जिला अस्पताल के डॉक्टर ने भी गड़बड़ी की। रिपोर्ट में जीभ काटने का कोई जिक्र नहीं किया।
परिजनों ने जिलाधिकारी से शिकायत की तो डॉक्टरों का पैनल बनाकर मेडिकल कराने का आदेश दिया गया। सीओ सदर सुधीर जायसवाल ने बताया कि पीड़िता का मेडिकल दोबारा कराया जा रहा है।