रामपुर। गोरखपुर बवाल में शामिल गो तस्करी के आरोपी जुबैर और उसके साथी ने शुक्रवार रात पुलिस पर छह फायर किए थे। इसमें दो पुलिसकर्मी घायल हुए थे। जवाब में पुलिस की ओर से की गई फायरिंग में जुबैर मारा गया, जबकि उसका साथी फरार हो गया।
सीओ जितेंद्र कुमार के नेतृत्व में चल रहे चेकिंग अभियान के दौरान स्वार बस अड्डे के पास शुक्रवार रात 9:55 बजे दिल्ली नंबर की बाइक पर सवार दो युवकों को रोकने की कोशिश कई गई तो आरोपियों ने भागने की कोशिश की। पुलिस ने पीछा किया तो उन लोगों ने फायरिंग शुरू कर दी।
आरोपियों ने कुल छह गोलियां चलाईं। इनमें से दो गोलियां सीओ की सरकारी गाड़ी से टकराईं, जबकि दो गोलियां बुलेट प्रूफ जैकेट में धंस गईं। बाकी दो गोलियां उपनिरीक्षक राहुल और कांस्टेबल संदीप को लगीं, जिससे वह घायल हो गए। पुलिस की जवाबी फायरिंग में तीन गोलियां चलीं, जिसमें से एक जुबैर को लगी। गोली लगने के बाद जुबैर का साथी भाग निकलने में सफल रहा।
घायल जुबैर और पुलिसकर्मियों को तुरंत अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। घायल पुलिसकर्मियों का इलाज चल रहा है। फरार आरोपी को गिरफ्तार करने की कार्रवाई जारी है।
मौके से बरामद हथियार और सामान
मुठभेड़ के बाद पुलिस ने मौके से एक पिस्टल, एक तमंचा, पांच खोखे .32 बोर, एक .32 बोर का कारतूस, एक 12 बोर का खोखा और एक कारतूस बरामद किया। साथ ही दिल्ली रजिस्ट्रेशन वाली बाइक भी जब्त कर ली है।
जुबैर के शव का हुआ पोस्टमॉर्टम, घेर मर्दान खां में तैनात रही फोर्स
रामपुर। पुलिस की मौजूदगी में शनिवार को जुबैर के शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। सुरक्षा की दृष्टि से घेर मर्दान खां क्षेत्र में पुलिस फोर्स देर रात तक तैनात रहा। सीओ से लेकर आला अधिकारी क्षेत्र का निरीक्षण करते रहे। एसपी विद्यासागर मिश्र ने बताया कि शव को परिजनों को सौंप दिया गया है। ब्यूरो