स्वार। क्षेत्र के मुंशीगंज मार्ग स्थित जमजम हॉस्पिटल में कथित गलत इंजेक्शन लगाने से गर्भवती महिला की हालत बिगड़ने की शिकायत पर स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी ने हॉस्पिटल सील कर दिया। कार्रवाई की सूचना मिलने से पहले ही स्टाफ वहां से खिसक चुका था। नोडल अधिकारी ने अग्रिम कार्रवाई करने की बात कही है।
क्षेत्र के बथुआखेड़ा गांव निवासी पिंटू ने बताया कि छह जुलाई की सुबह करीब 10 बजे वह अपनी पत्नी पिंकी को प्रसव पीड़ा होने पर स्वार-मुंशीगंज मार्ग स्थित जमजम हॉस्पिटल लेकर पहुंचा था। आरोप है कि अस्पताल संचालक ने सामान्य प्रसव कराने की बात कहकर उसकी पत्नी को भर्ती कर लिया। कुछ देर बाद बिना किसी विशेषज्ञ चिकित्सक की मौजूदगी के उसे ऑपरेशन थियेटर में ले जाकर कथित रूप से नशे का इंजेक्शन लगा दिया गया, जिसके तुरंत बाद वह बेहोश हो गई।
परिजनों का आरोप है कि महिला की हालत बिगड़ने पर अस्पताल प्रबंधन ने बिना स्पष्ट जानकारी दिए उसे अपने वाहन से नगर के दूसरे हॉस्पिटल भेज दिया। वहां बेहोशी की हालत में ऑपरेशन किया गया, जिसमें एक शिशु का जन्म हुआ। चिकित्सकों ने 24 घंटे में होश आने की बात कही थी, लेकिन 32 घंटे से अधिक समय बीत जाने के बावजूद महिला को होश नहीं आया। परिजनों का कहना है कि प्रसूता वेंटिलेटर और ऑक्सीजन सपोर्ट पर है तथा जच्चा-बच्चा दोनों की हालत गंभीर बनी हुई है।
पीड़ित परिवार का आरोप है कि उन्होंने मामले की शिकायत डीएम व सीएमओ से की, लेकिन तत्काल कोई प्रभावी कार्रवाई नहीं हुई। उन्होंने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई तथा संबंधित अस्पताल की वैधता की जांच कराने की मांग की है। साथ ही अस्पताल संचालक के विरुद्ध कोतवाली पुलिस को तहरीर भी दी गई है।
शिकायत के बाद बुधवार शाम स्वास्थ्य विभाग के नोडल अधिकारी डॉ. देवेश चौधरी टीम के साथ जमजम हॉस्पिटल पहुंचे। टीम के पहुंचने से पहले ही अस्पताल संचालक और स्टाफ मौके से खिसक चुके थे। इसके बाद नोडल अधिकारी ने अस्पताल को सील कर दिया।
00000
जमजम हॉस्पिटल की शिकायत मिलने पर जांच की गई और अस्पताल को सील कर दिया गया है। हॉस्पिटल में संचालक नहीं मिल सका, जिसके चलते अभिलेखों की जांच भी नहीं की जा सकी। प्राथमिकी दर्ज कराने की कार्रवाई की जा रही है। -डॉ. देवेश चौधरी, नोडल अधिकारी