बिलासपुर। खजुरिया थाना क्षेत्र में मंगलवार शाम दो बाइकों की आमने-सामने टक्कर में ग्राम टेहरी ख्वाजा निवासी मोहम्मद अली (45) की मौत हो गई। पुलिस ने शव को कब्जे में ले लिया है।
मोहम्मद अली मंगलवार शाम करीब छह बजे ग्राम अहरो की साप्ताहिक बाजार से खरीदारी कर बाइक से घर लौट रहे थे। पुलिस के अनुसार अहरो से निकलते ही पेट्रोल पंप के पास सामने से आ रही एक बाइक से उनकी टक्कर हो गई। हादसे के बाद दूसरी बाइक सवार युवक मौके से फरार हो गया।
गंभीर रूप से घायल मोहम्मद अली को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सूचना पर परिजन भी अस्पताल पहुंच गए।
पुलिस ने शव कब्जे में लेकर कार्रवाई शुरू कर दी है। खबर लिखे जाने तक मामले में कोई प्राथमिकी दर्ज नहीं हुई थी। खजुरिया थाना प्रभारी पंकज पंत ने बताया कि तहरीर मिलने पर प्राथमिकी दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद