चौपाल (रोहडूू़)। उपमंडल चौपाल की अंतर्गत ग्राम पंचायत माटल में एक दलित युवक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार कामिंदर सिंह निवासी श्वाला, डाकघर रुसलाह ने पुलिस थाना चौपाल में शिकायत दर्ज करवाई है कि वह सुबह करीब आठ बजे दूध लेकर आ रहा था, इसी बीच साथ के खेत में कुलभूषण और उसकी पत्नी ने उसे गालियां देना शुरू कर दिया। इसके साथ ही जाति सूचक शब्द भी कहे।
उन्होंने आरोप लगाया कि इसके बाद आरोपी ने उसे लात घूसों से पीटना शुरू कर दिया। डीएसपी चौपाल राजकुमार ने कहा कि आरोपी के खिलाफ भारतीय दंड संहिता की धारा 323, 504, 506, 34 और एससी/एसटी एक्ट के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है और मामले में जांच की जा रही है। अनुसूचित जाति और जनजाति संगठन चौपाल के अध्यक्ष डीडी जस्टा ने प्रशासन से जल्द आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग उठाई है।