रामपुर। कोरोना संक्रमण के चलते एक माह से लागू लॉकडाउन के बाद एक जून से जिले में अनलॉक की प्रक्रिया शुरू कर दी गई है। अनलॉक के दूसरे दिन बुधवार को बाजारों में भीड़ रही। कपड़े की दुकानों से लेकर हार्डवेयर तक की दुकानें खुल गईं। लोगों ने जमकर खरीदारी भी की। साथ ही सोशल डिस्टेेंसिंग एवं मास्क का भी ख्याल रखा।
कोरोना संक्रमण की वजह से सरकार को एक बार फिर लॉकडाउन लगाना पड़ गया। इसके तहत शहर से लेकर गांवों तक के बाजार बंद हो गए। सड़कें सूनी हो गईं। बाजारों की रौनक गायब हो गई। सिर्फ आवश्यक सेवाएं ही जारी थीं। इस लॉकडाउन का फायदा भी हुआ। संक्रमण की रफ्तार धीमी पड़ गई। लिहाजा, शासन ने ऐसे सभी जिलों से लॉकडाउन हटाने का ऐलान कर दिया, जहां सक्रिय मामलों की संख्या 600 से कम थी। रामपुर भी उन जिलों में शामिल है, जहां एक्टिव केस काफी कम हैं। बुधवार को भी दूसरे दिन बाजार गुलजार रहे। सुबह से ही दुकानें खुलने लगीं। सुबह दस बजे तक बाजारों में सभी दुकानें खुल चुकी थीं। ज्वाला नगर, सिविल लाइंस, शाहबाद गेट, बाजार नसरुल्ला खां, मिस्टन गंज, सर्राफा बाजार में लोगों की काफी भीड़ रही। दुकानदारों के चेहरे खिले हुए थे। ग्राहकों ने भी सोशल डिस्टेंसिंग एवं मास्क लगाया था। वहीं, शाम को सात बजे से बाजार बंद हो गए।