जंगल में एक पेड़ पर युवक का शव लटका मिला। बताया जाता है कि युवक की मानसिक रूप से कमजोर था और उसने खुद फंदा लगा लिया, जिससे उसकी मौत हो गई। परिजनों ने उसके शव को घर लाकर बिना पुलिस को सूचना दिए ही आनन-फानन में सुपुर्द-ए-खाक कर दिया।
केमरी थाना क्षेत्र के ग्राम रहसेना निवासी सूखा खेती किसानी करता है। परिजनो के मुताबिक, उसका पुत्र फुरकान (18) बीते छह माह से मानसिक रूप से कमजोर हो गया था , जिसका वह उपचार भी कराया जा रहा था। ग्रामीण उस पर हवा आदि का चक्कर भी बताते थे, इसलिए परिजन उस पर विशेष निगाह रखते थे।
बृहस्पतिवार की शाम फुरकान अचानक कहीं गायब हो गया। परिजनों ने उसको काफी खोजा, मगर वह नहीं मिल सका। ग्राम प्रधान शमशुद्दीन ने बताया कि देर रात परिजनों ने गांव से कुछ दूर जंगल में एक पेड़ पर उसकी लाश लटकती हुई देखी। इसके बाद सूचना पाकर तमाम ग्रामीण रात में ही मौके पर पहुंच गए।
ग्रामीणों की मदद से परिजन शव को उतारकर अपने घर ले आए। पुलिस को सूचना दिए बगैर ही शुक्रवार की सुबह परिजनों ने उसे सुपुर्द-ए-खाक कर दिया। परिजनों का कहना है कि वह कोई पुलिस कार्रवाई नहीं चाहते थे। इसलिए पुलिस को कोई सूचना नहीं दी है।