टांडा (रामपुर)। बुधवार को सुसराल आए युवक की बाइक की दूसरी बाइक से टक्कर हो गई। जिसमें युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। उपचार के लिए अस्पताल पहुंचे युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया। वहीं दूसरी बाइक सवार महिला सहित दो लोग भी घायल हो गए।
थाना पटवाई के गांव चौकी वाला लालपुर निवासी अरवेश (32) पुत्र राम किशोर की शादी चौकी सैदनगर के ग्राम भटपुरा में हुई थी। बुधवार को अरवेश ससुराल आया था। बृहस्पतिवार को टांडा से दवा लाने के लिए कहकर सुसराल से बाइक लेकर निकला था। रामपुर रोड स्थित व्हलीस इंडिया रिम फैक्टरी के पास सामने से आ रही तेज रफ्तार बाइक से उसकी बाइक की टक्कर हो गई। जिसमें अरवेश गंभीर रूप से घायल हो गया। वहीं दूसरी बाइक पर सवार विशाल तथा महिला सीमा निवासी गांव हिम्मतपुर थाना आईटीआई काशीपुर भी घायल हो गए। वह किसी रिश्तेदारी में जा रहे थे। सूचना पर पहुंची पुलिस ने एंबुलेंस से अरवेश को नगर के सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया। जहां पर चिकित्सकों ने अरवेश को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने दूसरे बाइक चालक को हिरासत में लेकर अरवेश के शव को पोस्ट मार्टम के लिए रामपुर भेज दिया है। अरवेश मुरादाबाद के पीतल कारखाने में नौकरी कर अपने परिवार का पालन पोषण करता था।