रामपुर में घरेलू कलह के चलते एक व्यक्ति ने अपनी पत्नी को क्रिकेट के बल्ले से पीट कर गंभीर रूप से घायल कर दिया। परिजनों ने घायल महिला को उपचार के लिए जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां उपचार के दौरान महिला की मौत हो गई।
महिला की मौत की सूचना पर उसके घर में कोहराम मच गया। वहीं कुछ समय बाद पुलिस भी जिला अस्पताल पहुंच गई। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। यह मामला भोट थाना क्षेत्र के इंची की मडैया गांव का है। यहां के निवासी एक व्यक्ति का गुरुवार दोपहर को पत्नी से विवाद हो गया था। इस दौरान मारपीट हो गई थी। आरोप है कि इस दौरान युवक ने अपनी पत्नी को क्रिकेट बल्ले से पीटना शुरू कर दिया था। चीख पुकार पर परिजनों को मौके की ओर आता देख आरोपी पत्नी गंभीर रूप से घायल पत्नी को मौके पर ही छोड़कर फरार हो गया।
मौके पर पहुंची पुलिस
वहीं, परिजनों ने घायल को जिला चिकित्सालय में भर्ती कराया। जहां दोपहर करीब दो बजे महिला ने उपचार के दौरान दम तोड़ दिया। परिजनों के साथ तमाम ग्रामीण भी जिला अस्पताल पहुंच गए व थाना पुलिस को सूचना दी। सूचना पर थाना पुलिस भी मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने शव का पंचनामा भरकर मोर्चरी में रखवा दिया।
पोस्टमार्टम को भेजा शव
थानाध्यक्ष संजय कुमार ने बताया कि दंपती के बीच घरेलू कलह को लेकर हुए विवाद के बाद गंभीर रूप से घायल महिला की उपचार के दौरान जिला चिकित्सालय में मौत की सूचना मिली है। फिलहाल, महिला के शव का पंचनामा भरकर शव पोस्टमार्टम को भिजवा दिया है। तहरीर मिलने पर रिपोर्ट दर्ज कर आवश्यक कार्रवाई की जाएगी। ग्रामीणों के अनुसार, मृतक महिला के दो पुत्र तथा दो पुत्रियां हैं।
आरोपी मौके से फरार
वहीं, मृतका के पुत्र ने बताया कि उसके पिता पेंटर है। अक्सर उसकी मां से मारपीट करता रहता था। गुरुवार को भी उसके पिता ने उसकी मां के साथ क्रिकेट के बल्ले से मारपीट की और बेहोश होने पर मौके से फरार हो गया।