टांडा। शनिवार को शिकारगाह गांव में एक युवक का शव संदिग्ध परिस्थितियों में खेत में पड़ा मिला। घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस और फोरेंसिक टीम मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
शिकारगाह गांव के 25 वर्षीय अरविंद कुमार पुत्र पूरन राम मजदूरी कर परिवार का पालन-पोषण करता था। वह चार भाई-बहन में से अविवाहित था। शनिवार दोपहर गांव के पश्चिम दिशा में लगभग आधा किलोमीटर दूर मझरा चौकी क्षेत्र के जंगल में नरेश के खेत में गांव के बच्चे ने उसे बेहोशी की हालत में पड़ा देखा। बच्चे ने यह जानकारी गांव में दी, जिसके बाद परिजन मौके पर पहुंचे और अरविंद को घर लाए, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी।
इसके बाद परिजनों ने पुलिस को सूचित किया। पुलिस और फोरेंसिक टीम ने घटनास्थल पर पहुंचकर साक्ष्य एकत्र किए और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। अरविंद की मौत को लेकर गांव में विभिन्न चर्चाएं चल रही हैं, लेकिन कारण अभी स्पष्ट नहीं हो सका है। पुलिस सभी पहलुओं की जांच कर रही है।
कोतवाली प्रभारी ओमकार सिंह ने बताया कि पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का सही पता चल पाएगा।