दढ़ियाल। दढ़ियाल में निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहे 30 वर्षीय राजू की रविवार सुबह 33 केवी हाईटेंशन लाइन की चपेट में आने से मौत हो गई। परिजनों ने ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग को लेकर हंगामा किया और पोस्टमार्टम कराने से इन्कार कर दिया। पुलिस के समझाने पर परिजन राजी हुए, जिसके बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया। पुलिस ने मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
गांव मुवाना निवासी राजू रविवार सुबह दढ़ियाल स्थित स्टेडियम के पास एक ठेकेदार के निर्माणाधीन मकान में मजदूरी कर रहा था। इसी दौरान वह पड़ोस से गुजर रही 33 केवी विद्युत लाइन की चपेट में आ गया और बेहोश होकर गिर पड़ा। पास में ही मजदूरी कर रहे उसके पिता धन सिंह को घटना की जानकारी मिली तो वह मौके पर पहुंच गए। हादसे के बाद घटनास्थल पर लोगों की भीड़ जुट गई।
परिजन आनन-फानन में उसे एंबुलेंस से टांडा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले गए, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। इसके बाद परिजन उसे मुरादाबाद के एक निजी अस्पताल ले गए, लेकिन वहां भी चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना पर टांडा कोतवाली प्रभारी बलवान सिंह और चौकी प्रभारी अमित कुमार पुलिस बल के साथ अस्पताल पहुंचे।
इस बीच मृतक के परिजन, महिलाएं और रिश्तेदार अस्पताल में एकत्र हो गए। परिजनों ने ठेकेदार की गिरफ्तारी की मांग करते हुए पोस्टमार्टम के लिए शव ले जाने से इन्कार कर दिया। विरोध के दौरान महिलाएं एंबुलेंस के आगे खड़ी हो गईं। पुलिस ने परिजनों को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली बातचीत के बाद परिजन पोस्टमार्टम के लिए राजी हुए, जिसके बाद शव को मोर्चरी भेज दिया गया।
मृतक के भाई रवि ने पुलिस को तहरीर देकर दो ठेकेदारों समेत अन्य आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है। सीओ टांडा पंकज पंत ने बताया कि मामले में दो लोगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। शव का पंचनामा भरकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
000
अगले महीने होनी है बहन की शादी
राजू की मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। मृतक दो भाइयों और तीन बहनों में दूसरे नंबर का था। उसका बड़ा भाई रवि पेट्रोल पंप पर काम करता है, जबकि पिता धन सिंह राजमिस्त्री के साथ मजदूरी करते हैं। राजू की पत्नी राखी, चार वर्षीय बेटा युग और बेटी नायरा हैं। परिवार में अगले महीने बहन सोनम की शादी होनी है। घर में शादी की तैयारियों को लेकर खुशी का माहौल था, लेकिन हादसे ने परिवार की खुशियों को मातम में बदल दिया। पिता धन सिंह, मां मंगिया, भाई रवि, पत्नी राखी और बहनों का रो-रोकर बुरा हाल है।