रामपुर। शनिवार को लक्समबर्ग, एस्टोनिया और चेक गणराज्य की राजनयिकों का एक साथ रामपुर आगमन हुआ। उनका नूरमहल में भव्य स्वागत हुआ। एक साथ रामपुर पहुंचीं तीनों राजनयिक महिलाओं ने रामपुर रियासत कालीन ऐतिहासिक धरोहरें देखीं और गांधी समाधि पहुंच कर राष्ट्रपिता महात्मा गांधी को पुष्पांजलि अर्पित कीं।
प्रदेश सरकार में पूर्वमंत्री रहे नवाब काजिम अली खां उर्फ नवेद मियां के आमंत्रण पर भारत में लक्समबर्ग की राजदूत पैगी फ्रांत्जेन, चेक गणराज्य की राजदूत एलिस्का जिगोवा और रिपब्लिक ऑफ एस्टोनिया की राजदूत मार्जे लूप का शनिवार को नूर महल पहुंचने पर स्वागत किया गया।
बकरीद के मौके पर रामपुर आईं राजदूतों ने नवेद मियां, पूर्व सांसद बेगम नूरबानो, नवाबजादा हैदर अली खां उर्फ हमजा मियां और शाही परिवार के अन्य सदस्यों से मिलकर बकरीद की मुबारकबाद दी। संवाद