ट्रेन से कटकर महिला की मौत
जीआरपी ने महिला का शव पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा
संवाद न्यूज एजेंसी
रामपुर। मालगाड़ी की चपेट में आकर महिला की मौत हो गई। सूचना पर जीआरपी मौके पर पहुंची, जिसके बाद पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया।
मामला ज्वालानगर रेलवे क्रासिंग का है। नूर महल आवास विकास निवासी जरीना (55) ज्वालानगर की तरफ जा रहीं थीं। इस बीच एक मालगाड़ी आ गई। महिला ट्रेन की चपेट में आ गई। ट्रेन गुजरने के बाद राहगीरों ने महिला का शव देखा तो चीखपुकार मच गई। लोगों ने जानकारी रेलवे अधिकारियों को दी, जिसके बाद रेलवे के अफसरों ने जीआरपी और आरपीएफ को सूचना दी। आरपीएफ की उप निरीक्षक सविता देवी, कांस्टेबल दिनेश घटनास्थल पहुंचे। इसी समय जीआरपी से महिला उपनिरीक्षक विमला स्टॉफ के साथ पहुंच गईं। जीआरपी ने महिला का शव हटाकर रेलवे ट्रैक को साफ किया। इसके बाद शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भेज दिया। जीआरपी एसओ सतीश कुमार ने बताया कि मृतका के पास से कोई रेल टिकट बरामद नहीं हुआ है। परिजनों ने बताया है कि महिला मानसिक तौर पर परेशान रहती थी। वहीं, घटना की वजह से मालगाड़ी करीब बीस मिनट लेट हो गई।